भोपाल में चार दिवसीय MP Travel Mart, विदेशी टूर ऑपरेटर्स से बढ़ेगा MP टूरिज्म का दायरा

भोपाल
मध्य प्रदेश को वैश्विक पटल पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से ' मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट ' के सातवें संस्करण का आयोजन आज 7 से 10 अक्टूबर तक भोपाल में होगा। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 7 अक्टूबर को मध्य प्रदेश ट्रैवल मार्ट का शुभारंभ करेंगे। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी करेंगे।
क्या कहा राज्यमंत्री ने
राज्य मंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट केवल एक व्यापारिक प्रदर्शनी नहीं है, बल्कि यह प्रदेश के सर्वांगीण आर्थिक विकास, स्थानीय रोजगार सृजन और वैश्विक सांस्कृतिक आदान-प्रदान का एक प्रभावी माध्यम है। राज्य सरकार वर्ष 2030 तक मध्यप्रदेश को देश का शीर्ष साहसिक पर्यटन स्थल बनाने की सुविचारित कार्ययोजना पर अग्रसर है। इसके साथ ही, प्रदेश को "भारत की वन्यजीव राजधानी" के रूप में ब्रांडिंग करते हुए संरक्षण-आधारित और पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक-निजी भागीदारी के माध्यम से विश्वस्तरीय सुविधाओं का विस्तार, ग्रामीण होमस्टे के जरिए स्थानीय समुदायों का सशक्तीकरण तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) व बहुभाषी डिजिटल तकनीकों के जरिए पर्यटकों के अनुभव को आधुनिक बनाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
₹1,100 करोड़ से ज्यादा के निवेश पर होगा काम
MP Travel Mart 2026 के दौरान मध्य प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र से जुड़े ₹1,100 करोड़ से ज्यादा के निवेश प्रस्तावों और समझौतों को अंतिम रूप दिया जाएगा। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में होटल, वेलनेस रिसॉर्ट, लक्जरी टेंट कैंपिंग और इको-टूरिज्म से जुड़ी 14 परियोजनाओं के लिए निजी निवेशकों को ₹252 करोड़ के लेटर ऑफ अवार्ड (LOA) दिए जाएंगे। इसके अलावा तीन प्रमुख पर्यटन मार्गों पर आधुनिक 'मार्ग सुविधा केंद्र' विकसित किए जाएंगे। इनका उद्देश्य पर्यटकों को सड़क यात्रा के दौरान बेहतर, सुरक्षित और स्वच्छ सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
सीहोर में ₹848 करोड़ का मेगा पर्यटन प्रोजेक्ट
इस आयोजन का बड़ा आकर्षण सीहोर जिले के रामगढ़ में होने वाला ₹848.40 करोड़ का पर्यटन निवेश समझौता है। मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड और एआरएम फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के बीच होने वाले इस समझौते के तहत रामगढ़ में अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोल्फ कोर्स, गोल्फ विला, वेलनेस रिसॉर्ट और लक्जरी होटल बनाया जाएगा। इस प्रोजेक्ट से क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार होगा। साथ ही करीब 920 लोगों को सीधे रोजगार मिलने की बात कही गई है। इससे स्थानीय स्तर पर अन्य रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
34 देशों के टूर ऑपरेटर्स और ट्रैवल राइटर्स होंगे शामिल
MP Travel Mart में यूरोप, अमेरिका, एशिया-प्रशांत, पश्चिम एशिया और अफ्रीका के कई देशों के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। इनमें ब्रिटेन, जर्मनी, फ्रांस, स्पेन, इटली, ग्रीस, नीदरलैंड्स, पोलैंड, फिनलैंड, हंगरी और स्लोवाकिया जैसे यूरोपीय देश शामिल हैं। अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको के अलावा जापान, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर, मलेशिया, थाईलैंड, वियतनाम, इंडोनेशिया, फिलीपींस और श्रीलंका से भी प्रतिनिधि पहुंचे हैं। UAE, इजराइल, मॉरीशस, केन्या और रूस के टूर ऑपरेटर्स और ट्रैवल राइटर्स भी आयोजन में हिस्सा लेंगे।
देश के 15 से ज्यादा राज्यों से टूर ऑपरेटर्स आएंगे
राष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, केरल, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, गोवा, हरियाणा, ओडिशा और जम्मू-कश्मीर समेत 15 से ज्यादा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 180 से अधिक टूर ऑपरेटर्स शामिल होंगे।
2025 में पर्यटन में 57% की बढ़ोतरी
पर्यटन विभाग के मुताबिक, साल 2025 में मध्य प्रदेश में पर्यटकों की संख्या में 57 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके बाद प्रदेश में आने वाले पर्यटकों की कुल संख्या 21.05 करोड़ तक पहुंच गई। MP Travel Mart 2026 का उद्देश्य इस बढ़ती पर्यटन गतिविधि को वैश्विक निवेश, बेहतर पर्यटन सुविधाओं और स्थानीय रोजगार के अवसरों से जोड़ना है।
अधिकारियों ने दी कार्यक्रम की जानकारी
पर्यटन सचिव डॉ इलैयाराजा टी ने मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट की रूपरेखा, तैयारियों और रणनीतिक लक्ष्यों की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य शासन की सुदृढ़ और प्रगतिशील पर्यटन नीतियों के फलस्वरूप मध्यप्रदेश में पर्यटन ने अप्रत्याशित वृद्धि हासिल की है। वर्ष 2025 में पर्यटकों के आवागमन में 57 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे प्रदेश में पर्यटकों का कुल आंकड़ा 21.05 करोड़ तक पहुंच गया है।
34 देशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल
MPTM 2026 के इस संस्करण में विश्व के 34 से अधिक प्रमुख देशों के 100 से अधिक विदेशी प्रतिनिधि और पर्यटन स्टेकहोल्डर इस मार्ट में प्रत्यक्ष सहभागिता कर रहे हैं। इनमें यूनाइटेड किंगडम, जर्मनी, फ्रांस, स्पेन, इटली, ग्रीस, नीदरलैंड्स, पोलैंड, फिनलैंड, बुल्गारिया, बेलारूस, अल्बानिया, हंगरी और स्लोवाकिया जैसे प्रमुख यूरोपीय राष्ट्र शामिल हैं। इस चार दिवसीय आयोजन की सबसे बड़ी व्यापारिक विशेषता 10 हजार से अधिक पूर्व-निर्धारित बैठकें होंगी। इन व्यापारिक बैठकों के सुचारु संचालन के लिए एक अत्याधुनिक ऑनलाइन शेड्यूलिंग प्रणाली विकसित की गई है। इसके माध्यम से देश-विदेश के प्रतिष्ठित खरीदारों, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय टूर ऑपरेटरों, होटल समूहों, एयरलाइंस और ट्रैवल एजेंसियों का राज्य के 355 स्थानीय हितधारकों से सीधा संवाद स्थापित होगा।
मेगा पर्यटन निवेश पर समझौता
इस निवेश अभियान का सबसे बड़ा आकर्षण सीहोर जिले के रामगढ़ में होने वाला 848.40 करोड़ का मेगा पर्यटन निवेश समझौता है। एमपी ट्रैवल मार्ट के पहले दिन मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा आमंत्रित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय उद्योगपतियों, निवेशकों व कॉरपोरेट प्रतिनिधियों के साथ विशेष 'वन-ऑन-वन' बैठकें की जाएंगी, जिसमें प्रदेश में भावी निवेश की रूपरेखा पर विमर्श होगा।
मेहमानों को मिलेगा विशेष भोजन
अतिथियों को मध्यप्रदेश के अनूठे खान-पान और संयुक्त राष्ट्र के मिलेट प्रोत्साहन मिशन से जोड़ने के लिए 'माँ की रसोई' का विशेष लाइव काउंटर स्थापित किया गया है। इसमें कोदो-मेथी भात, ज्वार-बाजरे की रोटियां, मट्ठे के आलू, चक्की का साग, निघौना, मालवा-निमाड़ का प्रसिद्ध दाल-बाफला, भुने भाटे का भर्ता और सिलबट्टे की ताजी चटनियों जैसे विशुद्ध पारंपरिक और पौष्टिक व्यंजन परोसे जा रहे हैं।



