खेल

करीब 3 साल बाद धनंजय डिसिल्वा ने छोड़ी टेस्ट कप्तानी, खिलाड़ी के तौर पर श्रीलंका के लिए खेलते रहेंगे

नई दिल्ली
ऑलराउंडर धनंजय डिसिल्वा ने श्रीलंका की टेस्ट टीम की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। तत्काल प्रभाव से उन्होंने टेस्ट कैप्टेंसी से हटने का फैसला किया है। हालांकि, उन्होंने वादा किया है कि वह आगे भी श्रीलंका की टेस्ट टीम के लिए खेलते रहेंगे और चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे। टेस्ट कप्तानी से इस्तीफा देने के बाद धनंजय डिसिल्वा ने कहा है कि अब यह जिम्मेदारी अगली पीढ़ी को देने का समय आ गया है। वे करीब 3 साल तक श्रीलंका की टेस्ट टीम के कप्तान रहे हैं।

धनंजय डिसिल्वा को जनवरी 2024 में टेस्ट कप्तान नियुक्त किया गया था। तीन महीने बाद उन्हें कप्तानी करते हुए 3 साल हो जाते, लेकिन 33 महीने बाद उन्होंने कप्तानी छोड़ दी। श्रीलंका की सिलेक्शन कमिटी को लिखे एक लेटर में डिसिल्वा ने कहा, "मेरी सच्ची राय है कि यह जिम्मेदारी अगली पीढ़ी को मिलनी चाहिए।" उन्होंने इस्तीफा सौंपने के बाद इस बात की पुष्टि की है कि वह एक प्लेयर के तौर पर श्रीलंका का प्रतिनिधित्व करने के लिए उपलब्ध रहेंगे।

श्रीलंका क्रिकेट के CEO एश्ले डिसिल्वा ने अपने हमनाम को सबसे लंबे फॉर्मेट में उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, “श्रीलंका क्रिकेट उनके बाकी करियर के लिए उन्हें शुभकामनाएं देता है और हमारी टेस्ट टीम को दी गई लीडरशिप के लिए उन्हें धन्यवाद देता है।” दिमुथ करुणारत्ने से कमान संभालने के बाद धनंजय डिसिल्वा ने 18 टेस्ट मैचों में श्रीलंका की कप्तानी की, जिसमें यह देश सात मैच जीतने में सफल रहा। कप्तान के तौर पर उनका औसत 36.45 का रहा, जबकि रन 1130 ही बनाए। गेंदबाज के तौर पर 9 विकेट उनको मिले।

भारत के खिलाफ खेली थी आखिरी टेस्ट सीरीज
धनंजय डिसिल्वा ने आखिरी बार टेस्ट कप्तानी भारत के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के दौरान की। इस सीरीज के पहले मैच में टीम इंडिया को बड़ी जीत मिली थी, लेकिन दूसरा टेस्ट मेजबान श्रीलंका ने सोनल दिनुशा के दो शतकों के दम पर बचा लिया था। दिनुशा ने दोनों पारियों में शतक जड़ा था और भारत को इस मैच में जीतने नहीं दिया था। श्रीलंका पर एक समय पारी से हारने का खतरा था, क्योंकि टीम फॉलोऑन खेल रही थी। बावजूद इसके भारत को इस मैच में जीत नहीं मिल पाई थी, क्योंकि सभी विकेट श्रीलंका के दूसरी पारी में नहीं गिरे थे।

वहीं, अगर बात श्रीलंका के आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के चक्र की करें तो टीम मौजूदा समय में पॉइंट्स टेबल में सातवें स्थान पर है। 6 मैच अब तक श्रीलंकाई टीम ने खेले हैं, जिनमें से 1 ही मैच में जीत मिली है, जबकि दो मैच गंवाए हैं। अच्छी बात यह है कि 3 टेस्ट ड्रॉ भी श्रीलंका ने कराए हैं। श्रीलंका की जीत प्रतिशत 33.33 का है, जो जीतने पर अच्छा खासा आगे बढ़ सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button